Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान Lashkar-e-Taiba (LeT) के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह 11 नवंबर को CRPF चौकी पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने जंगलपोरा इलाके में तलाशी अभियान के दौरान लतीफ भट को घेर लिया था। बताया जा रहा है कि वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने स्थानीय लोगों की मदद से वीडियो कॉल के जरिए उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।
Video Call पर सरेंडर की अपील, आतंकी ने ठुकराया प्रस्ताव
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को आत्मसमर्पण का मौका दिया। इसके लिए स्थानीय लोगों की मदद से उससे Video Call पर संपर्क किया गया। उसे हथियार छोड़कर बाहर आने और सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर करने के लिए समझाया गया।हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक लतीफ ने सुरक्षा बलों की अपील ठुकरा दी। उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद इलाके में सुरक्षा अभियान जारी रहा और अंततः उसे मार गिराया गया।
CRPF चौकी पर हमले में तीन जवान हुए थे घायल
मोहम्मद लतीफ भट का नाम 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरान इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में सामने आया था। आरोप है कि उसने अपने सहयोगी उमर निसार के साथ मिलकर CRPF चौकी को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए थे।घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों आतंकियों की तलाश शुरू कर दी थी। 16 नवंबर को लारनू बाईपास इलाके में हुई मुठभेड़ में उसके सहयोगी उमर निसार को मार गिराया गया था। उस दौरान लतीफ भी घायल हुआ था, लेकिन वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा।शुरुआत में उसके मारे जाने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि वह घायल होकर भाग निकला था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
15 लाख रुपये का इनामी था Lashkar Terrorist Latif Bhat
मोहम्मद लतीफ भट उर्फ लतीफ बट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। उसकी उम्र करीब 22 साल बताई गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस के मुताबिक, वह 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुलगाम के सरकारी कॉलेज में भी शिक्षा हासिल की। बाद में वह बढ़ई का काम करने लगा।जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान में बैठे आतंकी ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे Lashkar-e-Taiba और उसके सहयोगी संगठन The Resistance Front (TRF) से जोड़ा था।




