Jaipur Foundation Day 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर अपनी स्थापना के 299वें वर्ष की ओर बढ़ रही है। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने वर्ष 1727 में इस ऐतिहासिक शहर की नींव रखी थी। अपनी शानदार स्थापत्य कला, चौड़ी सड़कों, व्यवस्थित बाजारों और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए मशहूर जयपुर आज देश के प्रमुख पर्यटन और आधुनिक शहरों में शामिल है। करीब तीन शताब्दियों के इस सफर में Pink City ने रियासत से राजस्थान की राजधानी और फिर एक आधुनिक महानगर तक का सफर तय किया है।जयपुर की पहचान सिर्फ महलों और किलों तक सीमित नहीं है। यहां की संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक सुविधाएं इसे खास बनाती हैं। Metro Rail, Smart City Mission और World Heritage City जैसे पड़ावों ने भी शहर को नई पहचान दी है। आइए जानते हैं Jaipur History, इसके 299 साल के सफर और विकास की पूरी कहानी।
महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने रखी थी जयपुर की नींव
जयपुर की स्थापना वर्ष 1727 में आमेर के महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने की थी। उस समय उन्होंने एक ऐसे व्यवस्थित शहर की कल्पना की थी, जहां व्यापार, आवास और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित हों।शहर के निर्माण और नगर नियोजन में वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य की अहम भूमिका रही। जयपुर को उस दौर की जरूरतों के अनुसार वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से बसाया गया था।शहर की मूल योजना में नौ चौकड़ियों का विन्यास रखा गया। चौड़ी सड़कें, चौपड़ और व्यवस्थित बाजार इसकी खासियत बने। यही वजह है कि जयपुर की ऐतिहासिक नगर योजना आज भी शहरी नियोजन के बेहतरीन उदाहरणों में गिनी जाती है।
1876 में कैसे पड़ा Pink City नाम?
जयपुर को Pink City यानी गुलाबी नगरी के नाम से पहचान वर्ष 1876 में मिली। उस समय महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय ने Prince of Wales के स्वागत में शहर की इमारतों को गुलाबी रंग से रंगवाया था।इसके बाद गुलाबी रंग जयपुर की पहचान बन गया। आज भी पुराने शहर की इमारतों और बाजारों में इस ऐतिहासिक रंग की झलक देखने को मिलती है।1857 के विद्रोह के बाद ब्रिटिश शासन के दौरान शहर में प्रशासनिक व्यवस्था, शिक्षा, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं का भी धीरे-धीरे विस्तार हुआ।
1949 में राजस्थान की राजधानी बना जयपुर
आजादी के बाद जयपुर की राजनीतिक और प्रशासनिक पहचान में बड़ा बदलाव आया। वर्ष 1949 में वृहत्तर राजस्थान के गठन के साथ जयपुर को राज्य की राजधानी बनाया गया।इसके बाद यहां सचिवालय, विधानसभा और विभिन्न सरकारी कार्यालयों का विस्तार हुआ। राजशाही व्यवस्था की जगह लोकतांत्रिक शासन ने ली और जयपुर राजस्थान की प्रमुख प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बन गया।




