हरियाणा के गुरुग्राम से रोड रेज का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। सेक्टर 89 में एक ब्लैक महिंद्रा थार ने रैपिडो कैब को कथित तौर पर कई बार टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कैब ड्राइवर थार चालक से गाड़ी नहीं तोड़ने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद थार पीछे जाकर फिर कैब को टक्कर मारती नजर आती है।
यह घटना 18 और 19 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चार युवक दिल्ली नंबर की थार से सेक्टर 89 पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद दो युवक थार से उतरकर अपने घर जाने के लिए रैपिडो कैब बुक करके उसमें बैठ गए।
कैब का पीछा कर कई बार मारी टक्कर
रिपोर्ट के अनुसार, कैब के रवाना होने के बाद थार में मौजूद दो युवकों ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर थार ने कैब को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने गाड़ी पीछे की और फिर दोबारा कैब को जोरदार टक्कर मारी। यह सिलसिला कई बार चला।
वायरल वीडियो में कैब का ड्राइवर हाथ जोड़कर थार चालक से गाड़ी छोड़ने की अपील करता दिखाई देता है। इसके बावजूद थार चालक ने कथित तौर पर कैब को टक्कर मारना जारी रखा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए।
कैब में सवार तीन लोग सुरक्षित
इस घटना के दौरान कैब में ड्राइवर समेत तीन लोग मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, टक्कर से कैब को काफी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान थार में सवार युवकों का व्यवहार आक्रामक था। कुछ लोगों ने उनके नशे में होने का दावा भी किया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक थार चालक और उसका साथी वहां से फरार हो चुके थे। कैब चालक की शिकायत के आधार पर खेरकी दौला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर थार के मालिक और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि थार दिल्ली में रजिस्टर्ड है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम में लगातार सामने आ रहे रोड रेज के मामले
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब गुरुग्राम में सड़क पर गुस्से और खतरनाक ड्राइविंग से जुड़े कई मामले चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने का मामला भी सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार किया और जांच के बाद हत्या के प्रयास से जुड़ी BNS की धारा 109 भी जोड़ी गई।
सेक्टर 89 की ताजा घटना ने एक बार फिर गुरुग्राम में सड़क सुरक्षा और रोड रेज पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, वाहन के नंबर और शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




